छात्रा ने सहपाठी पर लगाया दुष्कर्म का आरोप…

छात्रा ने सहपाठी पर लगाया दुष्कर्म का आरोप…

पुलिस छानबीन में जुटी..

नई दिल्ली। जामिया में स्नातक की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने अपने सहपाठी पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए जामिया नगर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपित छात्र ने उसे 26 नवंबर को मिलने के लिए बुलाया था, जहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। इसके बाद उसने दुष्कर्म कर उसके अश्लील वीडियो भी बना लिए हैं।

पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत पर आइपीसी एक्ट की धारा 376/506 के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता परिवार के साथ जामिया नगर इलाके में रहती है और जामिया मिल्लिया इस्लामिया से स्नातक की पढ़ाई कर रही है। उसने 2019 में यहां दाखिला लिया था।

इस दौरान उसकी मुलाकात छात्र सैफ मोहम्मद से हुई। दोनों साथ में ही पढ़ाई करते थे। इसके चलते दोनों की दोस्ती हो गई। 26 नवंबर को सैफ ने पीड़िता को परीक्षा से संबंधित कार्य के चलते मिलने के लिए कहा था। इसके बाद दोनों की सैफ के घर पर मुलाकात हुई।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपित ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया हुआ था। इसे पीने के बाद वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। पीड़िता होश में आने के बाद अपने घर चली गई। गत सोमवार को आरोपित ने पीड़िता को वीडियो दिखाकर उसके साथ दोबारा दुष्कर्म की कोशिश की। इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। फिलहाल, पुलिस आरोपित के बारे में जानकारी जुटा रही है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…