अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर…

अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर…

महिला ने किया पड़ोसियों के साथ हमला, चार पुलिसकर्मी घायल…

नई दिल्ली, 03 नवंबर। बुध विहार इलाके में अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना मंगलवार देर रात की है। हमले में चार पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गये।

जानकारी के अनुसार बुध विहार थाने में तैनात एसआई छैल विहारी को बंगाली बस्ती रिठाला में अवैध शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। जानकारी के आधार पर छैल विहारी एवं चार अन्य पुलिसकर्मियों ने संबंधित परिसर में छापा मारा। वहां मौजूद बशरुल और आयशा ने पुलिसकर्मियों पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया। बशरुल का साथ देने के लिए उनके पड़ोसियों ने भी पत्थरबाजी शुरू कर दी। घटना में हेडकांस्टेबल सत्यवान, कांस्टेबल जिले सिंह, कांस्टेबल राजेश और कांस्टेबल अनिल घायल हो गये। भीड़ ने सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस फोर्स ने भीड़ को नियंत्रित किया और घायलों को बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने सरकारी सम्पत्ति को क्षतिग्रस्त करने, दंगा भड़काने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…