बजरंग पूनिया को रजत पदक से करना पड़ा संतोष

भारत के स्टार रेसलर बजरंग पूनिया दुर्भाग्यशाली रहे और उन्हें विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के 65 किग्रा भारवर्ग में हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। बजरंग को जापान के ताकुटो ओटुगुरो ने फाइनल मुकाबले में 16-9 से माद दी। हालांकि, हार के बावजूद भी बजरंग रिकॉर्ड बनाने में सफल रहे। यह विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में उनका दूसरा पदक है और यह कारनामा करने वाले वह पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने साल 2013 में इस टूर्नामेंट के 60 किग्रा भारवर्ग में कांस्य पदक जीता था।
विश्व कुश्ती चैंपियशिप में भारत के लिए इकलौता स्वर्ण पदक सुशील कुमार ने जीता है। उन्होंने साल 2010 में रूस की राजाधानी मॉस्को में हुई विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में सोने का तमगा जीता था। बजरंग पूनिया के लिए अब तक यह साल जबरदस्त रहा है। उन्होंने इस साल ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए 21 वें कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) और इंडोनेशिया के जकार्ता में हुए 18वें एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल हासिल किया।