पुलिसकर्मी को बचाने पर युवक को पीटकर बेहोश किया…

पुलिसकर्मी को बचाने पर युवक को पीटकर बेहोश किया…

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मधु विहार में रविवार रात कुछ लोगों ने एक युवक पर नुकीले हथियार व ईंट से हमला कर दिया। घायल 40 वर्षीय अनिल को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अनिल का दोष इतना ही थी कि उसने इन आरोपियों से घिरे एक पुलिसकर्मी का बचाव किया था। अनिल के बयान पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

पीड़ित अनिल परिवार के साथ मधु विहार के चंदर विहार इलाके में रहते हैं। रविवार रात 8 बजे वह घरेलू सामान की खरीदारी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आठ-दस लोगों ने बीट कांस्टेबल रविंद्र भाटी को घेर लिया था। किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो रही थी। अनिल ने कांस्टेबल रविंद्र भाटी का बचाव करते हुए उन्हें वहां से जाने दिया। रविंद्र भाटी के जाते ही सभी आरोपी अनिल पर भड़क गए और नुकीले हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद ईंट से भी पिटाई की। अनिल के बेहोश होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अनिल को एलबीएस अस्पताल लेकर गई, जहां से सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…