*दबंग दरोगा ने भाजपा नेता को जड़ा थप्पड़*

*दबंग दरोगा ने भाजपा नेता को जड़ा थप्पड़*

*घसीट कर ले गया थाने, जानें क्या था मामला*

*अगस्त शुक्रवार 7-8-2020*

पिनाहट कस्बे में गुरुवार देर शाम घर के बाहर खड़े भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष को दरोगा ने पीट दिया।थप्पड़ जड़ने के बाद वह उनको घसीटते हुए थाने ले गया। हवालात में डाल दिया।भाजपा जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में थाने पहुंचे भाजपाइयों ने हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। दरोगा के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मामला रात आठ बजे का है। पिनाहट थाने का दरोगा जितेंद्र बाइक से कस्बे में गश्त कर रहा था।भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष निखिल कुमार गुप्ता दो दोस्तों के साथ घर के बाहर खड़े थे। दरोगा जितेंद्र ने उनसे बाहर खड़े होने का कारण पूछा। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ने बताया कि मित्र से बात कर अंदर चले जाएंगे।
आरोप है कि दरोगा ने निखिल गुप्ता को थप्पड़ जड़ दिए।उनको घसीट कर थाने ले गया और हवालात में डाल दिया।इसकी जानकारी होने पर बड़ी संख्या में भाजपाई व व्यापारी थाने पहुंच गए।
थाने पर हंगामा शुरू हो गया।भाजपा जिला अध्यक्ष गिरिराज सिंह कुशवाह भी थाने पहुंच गऐ।आरोपी दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।पुलिस-प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी होने लगी।मामला बढ़ने पर पिनाटह का चार्ज संभाल रहे सीओ फतेहाबाद विकास जैसवाल थाने पहुंचे। उन्होंने भाजपाइयों को शांत किया। बताया कि आरोपी दरोगा जितेंद्र को लाइन हाजिर किया गया है।तब भाजपाई थाने से हटे।

दरोगा ने दबंगई की है। वह किसी काम से आए मित्र से बात करने के लिए घर के बाहर खड़े थे।अकारण दरोगा जितेंद्र ने उनसे अभद्रता करते हुए पीटा।घसीटते हुए थाने ले गया।हवालात में डाल दिया। इस माममले में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
*निखिल गुप्ता,भाजपा नगर अध्यक्ष*

उच्चाधिकारियों को पूरे घटना क्रम से अवगत करा दिया गया है। जिस दरोगा जितेंद्र ने नगर मंड़ल अध्यक्ष को थप्पड़ मारा था उसे लाइन हाजिर करा दिया गया है। विभागीय जांच शुरू कर दी है।
*विकास जैसवाल,सीओ फतेहाबाद।*