UP में जालिम सरकार, बेगुनाहों से वापस लेंगे मुकदमा – शिवपाल सिंह…

UP में जालिम सरकार, बेगुनाहों से वापस लेंगे मुकदमा – शिवपाल सिंह…

प्रसपा (प्रगतिशील समाजवादी पार्टी) लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में जालिम सरकार है। महंगाई से लोग त्रस्त हैं। बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुनकर परेशान हैं। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। यदि प्रसपा की सरकार बनेगी तो जेल में बंद बेगुनाहों से मुकदमे वापस लिए जाएंगे। कानून का राज कायम करते हुए सभी वर्गों के हित की योजनाएं चलाई जाएंगी।राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुवार को तारामंडल रोड स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के हालात बदतर हैं। देश में मात्र सौ उद्योगपति ही खुशहाल हैं, पूरा देश परेशान है। पाकिस्तान, भूटान हमसे बेहतर स्थिति में हैं। प्रदेश में किसान, नौजवान, छोटे व्यापारी आत्महत्या कर रहे हैं। नौकरी मिलने के बजाय जा रही है। बेरोजगारी चरम पर है। उन्होंने कहा कि समाजवादी कभी संघर्ष से पीछे नहीं हटते। यहां के युवाओं का जोश परिवर्तन का संदेश दे रहा है।प्रसपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शादाब फातिमा ने कहा कि आज भाजपा सरकार में महिलाएं ही नहीं, कोई भी सुरक्षित नहीं है। भाजपा के लोग हिंदू- मुस्लिम की राजनीति करते हैं। सभा को बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्रा, पूर्व मंत्री जयप्रकाश यादव, पूर्व विधायक रामदर्शन यादव, कमाल यूसूफ, प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह लोधी, श्यामनारायन यादव, श्रीराम यादव, वीरेंद्र यादव, विजय प्रताप सिंह, अमित जानी आदि ने भी संबोधित किया। संचालन जिला प्रमुख महासचिव बृजनाथ मौर्य ने किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।पत्रकारों से बातचीत में राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि जहां मुझे सम्मान मिलेगा, मैं वहां रहूंगा। चाचा- भतीजे में विवाद जैसी कोई बात नहीं है। सपा हमारे लिए चुनौती नहीं है।मंडलीय सम्मेलन में पदाधिकारियों के बीच आपसी मनमुटाव भी दिखा। शिवपाल सिंह यादव के रेलवे स्टेशन पर सम्मान से शुरू हुई धक्का-मुक्की, कार्यक्रम स्थल पर भी जारी रही। सम्मेलन के मंच पर माला पहनाने को लेकर भी विवाद हुआ। इससे नाराज होकर प्रसपा के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमान सिंह वापस चले गए। हालांकि डैमेज कंट्रोल के लिए शिवपाल सिंह यादव ने उन्हें पूर्वांचल का कद्दावर नेता बताया।UP में जालिम सरकार, बेगुनाहों से वापस लेंगे मुकदमा – शिवपाल सिंह

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…