ब्लिंकन ने ताइवान पर यथास्थिति बदलने के खिलाफ चीन को चेताया…

वाशिंगटन, 21 जनवरी। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने चीन को क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने में अहम ताइवान की यथास्थिति बदलने के खिलाफ चेताया है। ब्लिंकन ने ‘यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो’ में ‘इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटिक्स’ के संस्थापक निदेशक डेविड एक्सलरोड के साथ संवाद के दौरान शुक्रवार को कहा कि पिछले कुछ वर्षों में चीन ताइवान पर सैन्य और आर्थिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ताइवान के संबंध में हमने पिछले कुछ साल में देखा है कि चीन ने एक फैसला किया है कि वह उस यथास्थिति को लेकर सहज नहीं है, जो दशकों से बरकरार है, जो हमारे देशों के बीच संबंधों और मुश्किल स्थिति के प्रबंधन के मामले में वास्तव में सफल रही है।’’ ब्लिंकन ने कहा, ‘‘हमने पिछले कुछ वर्षों में उन्हें (चीन को) देखा है… उन्होंने ताइवान पर सैन्य दबाव, आर्थिक दबाव बढ़ाया है, वे दुनियाभर के देशों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों से उसके संबंध काटने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका के नजरिये से यथास्थिति कारगर रही है और यह ताइवान जलडमरूमध्य में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…