यति नरसिंहानंद सरस्वती के बिगड़े बोल, महात्मा गांधी पर की अभद्र टिप्पणी…

यति नरसिंहानंद सरस्वती के बिगड़े बोल, महात्मा गांधी पर की अभद्र टिप्पणी…

गाजियाबाद, 15 जुलाई। अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाले श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर और डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद गिरि की बोल एक बार फिर बिगड़ गए हैं। इस बार उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को करोड़ों हिदुओं का हत्यारा कहा है। इसके साथ ही उनके खिलाफ और भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उनका वीडियो ट्वीटर पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इसका संज्ञान लिया। मसूरी पुलिस ने लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़काने पर यति नरसिंहानगर गिरि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

यह रिपोर्ट उपनिरीक्षक डा.राम सेवक की तरफ से दर्ज कराई गई है। दर्ज रिपोर्ट में राम सेवक का कहना है कि 13 जुलाई की रात करीब 11 बजे दो मिनट 20 सेकेंड का एक वीडियो ट्वीटर पर वायरल हुआ। इसमें यति नरसिंहानंद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यति नरसिंहानंद इस वीडियो में बोल रहे हैं कि हम जल्द ही पूरे भारत में एक अभियान चलाने वाले हैं। उनका कहना है कि महात्मा गांधी तो मर गए, लेकिन एक करोड़ हिदुओं की हत्या करवा गए। वह इस बयान को भी अमर्यादित भाषा में बोल रहे हैं।

इसके अलावा वीडियो में उन्होंने गांधी जी के लिए और भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। उनका कहना है कि हिदू कम्यूनिटी के पास कहने के लिए अपनी एक इंच जगह भी नहीं है। उन्होंने महात्मा गांधी को अंग्रेजों और एक विशेष समुदाय का दलाल कहा है। उन्होंने कहा है कि महात्मा गांधी के कारण आज हमारे संत, महात्मा जेल जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यति नरसिंहानंद सरस्वती के बयान से समाज में शांति व कानून व्यवस्था भंग हो सकती है। एसपी देहात डा.ईरज राजा का कहना है कि वीडियो का संज्ञान लेने के बाद मसूरी थाना में यति नरसिंहानंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…