हवाई अड्डे पर खतरे की जानकारी वाले फोन के बाद पूरे परिसर की तलाशी

हवाई अड्डे पर खतरे की जानकारी वाले फोन के बाद पूरे परिसर की तलाशी

मुंबई, 29 सितंबर। मुंबई पुलिस के यातायात नियंत्रण कक्ष में एक अज्ञात व्यक्ति फोन कर दावा किया कि शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 19 लोगों की जान खतरे में है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर को फोन आने के बाद पुलिस का बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और त्वरित प्रतिक्रिया बल हवाई अड्डे पहुंचा और परिसर की तलाशी ली। उन्होंने केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को भी सतर्क किया, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले का अभी पता नहीं चल पाया है। उसने दावा किया कि यहां सहार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ”एक विभाग के 19 लोगों की जान खतरे में है।” इसके अलावा अन्य कोई जानकारी नहीं दी।

उन्होंने बताया कि सहार पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505(1) (बी) और 506(2) के तहत मामला दर्ज किया है। उसकी तलाश जारी है।

“हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट