रात भर पत्नी की लाश के पास बैठा रहा पति…

रात भर पत्नी की लाश के पास बैठा रहा पति…

मौत से पहले पत्नी ने बताई थी सनसनीखेज बात…

गाजियाबाद। दहेज के मामले में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। दरअसल, गाजियाबाद में एक विवाहिता का शव ससुराल में पंखे से लटका हुआ मिला है। पास में पति नशे की हालत में बैठा हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। लड़की के परिजनों का आरोप है कि पति ने ही उनकी बेटी की हत्या की है। हमें (लड़की के परिजनों को) पहले ही शक था कि ऐसा कुछ हो सकता है।

मामला गाजियाबाद में टीला मोड़ थाना क्षेत्र का है। जहां पर रेखा नाम की महिला का शव ससुराल में पंखे से लटका हुआ मिला। रेखा का परिवार गौतमबुद्ध नगर का रहने वाला है। दो साल पहले उन्होंने अपनी बेटी रेखा की शादी टीला मोड़ पर रहने वाले दीपक से की थी। दीपक और उसके परिवार के लोग रेखा को दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। इस बात की शिकायत पहले पुलिस को भी दी गई थी, लेकिन मामला सुलझ गया था।

बीती रात भी रेखा ने परिवार को फोन करके बताया था कि उसके साथ मारपीट हुई है। सुबह परिवार को अनहोनी की खबर मिली। रेखा के परिजन जैसे ही मौके पर पहुंचे तो उनके पैरों तले से जमीन निकल गई। पुलिस ने रेखा के परिवार को रेखा की मौत होने की जानकारी दी और कहा कि मौके पर ही पति नशे की हालत में बैठा हुआ था, वो रात भर लाश के पास ही बैठा रहा। ससुराल के बाकी लोग मौके से गायब हैं। रेखा के परिवारजनों ने दहेज के लालच में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस मामले में सभी एंगल पर जांच कर रही है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…