सीपीएल 2021: शेल्डन कॉट्रेल ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को दिलाई रोमांचक जीत…

सीपीएल 2021: शेल्डन कॉट्रेल ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को दिलाई रोमांचक जीत…

सेंट किट्स, 03 सितंबर । सीपीएल 2021 के 14वें मुकाबले में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने बारबाडोस रॉयल्स को 2 विकेट से हरा दिया। पहले खेलते हुए सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। जवाब में सेंट किट्स ने आखिरी गेंद पर मुकाबले को अपने नाम कर लिया। शेल्डन कॉट्रेल को निचले क्रम में धुआंधार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले सेंट किट्स के कप्तान ड्वेन ब्रावो ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। बारबाडोस रॉयल्स की तरफ से सलामी बल्लेबाज शाई होप सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि दूसरे सलामी बल्लेबाज जॉनसन चार्ल्स ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 26 गेंद पर 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 30 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर में दिग्गज ऑलराउंडर स्मित पटेल ने भी शानदार पारी खेली। उन्होंने 48 गेंद पर 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 54 रनों की पारी खेली। निचले क्रम में कप्तान जेसन होल्डर ने 7 गेंद पर 19 रन बनाए और बारबाडोस को 160 के स्कोर तक पहुंचाया। सेंट किट्स की तरफ से कप्तान ब्रावो ने 26 रन देकर 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट किट्स के सलामी बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। डेवोन थॉमस ने 32 गेंद पर 26 और एविन लुईस ने 11 गेंद पर 19 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर में क्रिस गेल ने भी तूफानी पारी खेली और 39 गेंद पर 3 चौके और 2 छक्के की मदद से शानदार 42 रन बनाए। इसके बावजूद सेंट किट्स ने 98 रन तक अपने छह विकेट गंवा दिए थे। आखिरी 29 गेंद पर जीत के लिए 66 रन चाहिए थे और सिर्फ 4 विकेट बचे हुए थे। यहां से जीत मिलना काफी मुश्किल लग रहा था। हालांकि निचले क्रम में डॉमिनिक ड्रेक्स और शेल्डन कॉट्रेल ने ताबड़तोड़ पारी खेल अपनी टीम को रोमांचक जीत दिला दी। ड्रेक्स ने 15 गेंद पर 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 28 रन बनाए और कॉट्रेल ने भी 7 गेंद पर 20 रनों की नाबाद पारी खेली। आखिरी गेंद पर टीम को जीत के लिए 4 रन चाहिए थे और शेल्डन कॉट्रेल ने जबरदस्त छक्का लगाकर जीत दिला दी।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…