आजादी का अमृत महोत्सव : दिल्ली अग्निशमन सेवा ने कनॉट प्लेस में साइकिल रैली आयोजित की

आजादी का अमृत महोत्सव : दिल्ली अग्निशमन सेवा ने कनॉट प्लेस में साइकिल रैली आयोजित की

नई दिल्ली, 30 अगस्त। दिल्ली अग्निशमन सेवा के दमकल कर्मियों ने सोमवार को सुबह यहां कनॉट प्लेस में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत आयोजित साइकिल रैली में भाग लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कार्यक्रम में दमकल नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों ने भी भाग लिया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने कनॉट प्लेस में एकत्रित बल को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत में कई विभागों का गठन किया गया था। उनमें से प्रत्येक को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।

दमकल विभाग को आग और अन्य आपात स्थितियों में नागरिकों के जीवन और संपत्ति की रक्षा की सबसे अच्छी जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने कहा ‘‘यह गर्व की बात है कि सभी बहादुर दमकल कर्मी और नियंत्रण कक्ष के अधिकारी, ध्येय वाक्य ‘‘हम बचाने का काम करते हैं’’ के अनुसार, कंधे से कंधा मिला कर अथक परिश्रम कर रहे हैं।’’