*पुलिस लाइन जल्द, तेजी से बढ़ रहा साइबर क्राइम,*

*पुलिस लाइन जल्द, तेजी से बढ़ रहा साइबर क्राइम,*

*ठीक तरह से विवेचना नहीं कर पाते दरोगा : डीजीपी*

*मेरठ।* मेरठ पहुँचे डीजीपी मुकुल गोयल ने बढ़ते अपराधों पर आज बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने भी बताया कि बागपत और शामली को जल्द ही पुलिस लाइन मिलेंगी। इस दोनों शहर को जिला बना दिया गया था, लेकिन अभी तक पुलिस कर्मियों के लिए लाइन की व्यवस्था नहीं हुई थी। जल्दी दोनों जिलों में पुलिस लाइन बनाई जाएगी। शामली के लिए भूमि भी चिन्हित कर ली गई है।

डीजीपी ने साइबर अपराध को लेकर भी बात की। कहा कि समय के साथ क्राइम का तरीका बदल गया है। पहले फिरौती के लिए अपहरण होता था, अब सीधे खाते खाली हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है और हमारे दरोगा इसकी विवेचना उतनी सही नहीं कर पाते है। इसके चलते दरोगाओं को साइबर अपराध की ट्रेनिंग दी जाएगी।

डीजीपी ने बताया कि वेस्ट यूपी अपराध की दृष्टि से बहुत ही संवेदनशील है। यहां का अपराध दिल्ली और पूरे प्रदेश को प्रभावित करता है। डीजीपी ने इससे पहले जोन के सभी जनपदों के कप्तान और नोएडा के कमिश्नर के साथ मीटिंग की। सभी कप्तानों और कमिश्नर से पुलिस की बेहतरी के लिए सुझाव मांगे हैं, ताकि उन पर काम हो सके। डीजीपी ने बताया कि 15 अगस्त को लेकर सभी जनपदों में कड़ी सुरक्षा की जा रही है। एडीजी और आईजी खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। सभी जनप्रतिनिधियों से डीजीपी ने अलग-अलग वार्ता की। इस दौरान अफसरों की कार्यशैली के बारे में बातचीत हुई और अपराध को लेकर जानकारी ली गयी।

प्रदेश के पुलिस मुखिया मुकुल गोयल आज सुबह मेरठ पहुंचे। जहां पर उन्हें पुलिस लाइन में सबसे पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे और वहां पर कानून व्यवस्था की बैठक से पहले जनप्रतिनिधियों से बातचीत की। उसके बाद अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन में बैठक की। मेरठ पहुंचने पर एडीजी राजीव सबरवाल,आईजी प्रवीण कुमार और एसएसपी मेरठ प्रभाकर चौधरी के अलावा अन्य जिलों के पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।

डीजीपी मुकुल गोयल ने बैठक में कहा कि ”पश्चिमी उप्र में क़ानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए काफी सतर्कता से काम करने की जरूरत है। आज के दौर में पुलिस के काम में जब तक तकनीक का इस्तेमाल ना किया जाए तब तक कमियां हमेशा रहती है। तकनीक का पुलिस के काम में इस्तेमाल कर लोगों को मज़बूत व्यवस्था दे पाए यह प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति जीरो टालरेंसी की है। अपराध पर हर हालत में काबू पाना होगा। बता दे कि पश्चिमी उप्र से डीजीपी मुकुल गोयल का काफी गहरा नाता है। वे मेरठ और सहारनपुर में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।