दुनिया की सबसे ऊंची राजधानियों में शुमार हैं ये शहर…

दुनिया की सबसे ऊंची राजधानियों में शुमार हैं ये शहर…

 

हममें से बहुत से लोगों को पहाड़ों की सैर करना बहुत पसंद है। बर्फ से ढंके, चोटियों की ओट में छिपे शहरों की तलाश में ये सैलानी दुनिया भर में घूमते रहते हैं। यहां के खूबसूरत नजारे ऐसे होते हैं कि हर कोई इन्‍हें बार-बार देखने की चाह में खिंचा चला जाए। यह आकर्षण तब और बढ़ जाता है जब ये शहर किसी देश की राजधानी हों और सबसे ऊंचाई पर स्थित शहरों में से एक हों। आइए आपको दुनिया के ऐसे ही कुछ शहरों के बारे में बताते हैं।

 

ला पाज दुनिया के सबसे मशहूर टूरिस्‍ट स्‍पॉट में से एक है

साउथ अमेरिकन देश बोलीविया की राजधानी ला पाज 11, 942 फीट की ऊंचाई पर स्थि‍त है। यह दुनिया के सबसे मशहूर टूरिस्‍ट स्‍पॉट में से एक है। यहां कई ऐतिहासिक कैथेड्रल और सैकड़ों म्‍यूजियम हैं जिन्‍हें देखने दुनिया भर के टूरिस्‍ट यहां आते हैं। इस शहर का माहौल हमेशा कार्निवल जैसा मस्‍ती भरा रहता है। यह शहर देश का एक प्रमुख सांस्‍कृतिक केंद्र है।

 

क्विटो में इक्‍वेटर का एक स्‍मारक बना हुआ है

क्विटो साउथ अमेरिकन देश एक्‍वडॉर में है। 9, 350 फीट की ऊंचाई पर बसा यह शहर दुनिया में दूसरी सबसे ऊंची राजधानी है। इसकी एक और खासियत यह है कि यह किसी देश की ऐसी राजधानी है जो भूमध्‍यरेखा या इक्‍वेटर के सबसे नजदीक स्थित है। यहां पर इक्‍वेटर का एक स्‍मारक भी बना हुआ है। क्विटो के खूबसूरत बाग-बगीचे, दुकानें, कैफे, रेस्‍ट्रॉन्‍ट पर्यटकों को अपनी ओर खींचने वाले प्रमुख आकर्षण हैं

 

थिम्‍पू के ऐतिहासिक बौद्ध मठ अतीत की झलक पेश करते हैं

दुनिया की सबसे ऊंची राजधानियों की बात हो तो भला पड़ोसी देश भूटान की राजधानी थिम्‍पू को हम कैसे भूल सकते हैं। दुनिया भर के टूरिस्‍ट यहां के प्राकृतिक सौंदर्य को देखने बड़ी तादाद में आते हैं। थिम्‍पू समुद्र की सतह से 8, 688 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां के ऐतिहासिक बौद्ध मठ देखने वालों को अतीत में ले जाते हैं। दूसरी तरफ यहां मौजूद नाइट क्‍लब और बाजार आधुनिकता से भरपूर हैं। यह बात भी दिलचस्‍प है कि यहां सरकार ने टूरिज्‍म की इजाजत 1974 में ही दी है।

 

बोगोटा दक्षिण अमेरिका का तीसरा सबसे बड़ा शहर है

8, 612 फीट की ऊंचाई पर स्थित बोगोटा दुनिया की चौथी सबसे ऊंची राजधानी है। कोलंबिया का यह शहर साओ पाउलो और लीमा के बाद दक्षिण अमेरिका का तीसरा सबसे बड़ा शहर भी है। अपनी प्राकृतिक सुंदरता के अलावा यह कला, संस्‍कृति और नाइटलाइफ का केंद्र होने की वजह से पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है।

 

अदीस अबाबा का खूबसूरत मौसम साल भर सुहाना रहता है

अफ्रीकी देश ईथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा 7, 726 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यह दुनिया की पांचवी सबसे ऊंची राजधानी है। सैलानियों को ईथियोपिया की समृद्ध संस्‍कृति और खानपान की झलक लेने के लिए एक बार यहां जरूर आना चाहिए। यहां का खूबसूरत मौसम साल भर सुहाना रहता है। इसलिए साल का कोई भी समय हो आप यहां घूमने आ सकते हैं।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…