पैलेस ऑन व्हील्स पर्यटकों के लिए चौबीस फरवरी से पटरी पर दौड़ेगी…

पैलेस ऑन व्हील्स पर्यटकों के लिए चौबीस फरवरी से पटरी पर दौड़ेगी…

 

बीकानेर, 23 जनवरी। विश्व की सबसे सुंदर, लग्जरी और ऐतिहासिक ट्रेन पैलेस ऑन व्हील अगले महीने 24 फरवरी से पुन: पटरी पर दौड़ेगी। राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) वैश्विक महामारी कोरोना काल से उबरते हुए अब भारतीय पर्यटकों के लिए 38 वर्षों से देश-दुनिया के पर्यटकों की पहली पसंद बनी पैलेस ऑन व्हील्स ”स्पेशल” 24 फरवरी से चलाएगा।

 

आरटीडीसी के कोलकाता प्रभारी अधिकारी हिंगलाजदान रतनू ने बीकानेर प्रवास के दौरान “यूनीवार्ता” से विशेष बातचीत में आज यह जानकारी दी।

 

उन्होंने बताया कि वर्तमान में आरटीडीसी अधिकारियों की ऊर्जावान टीम में पर्यटन सचिव एवं आरटीडीसी चेयरमैन आलोक गुप्ता, प्रबंध निदेशक निकया गोहाएन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ज्योति चौहान, ईडी फाईनेंस होशियार सिंह पूनियां एक नया नवाचार कर रहे हैं और निश्चित तौर पर पिछले वर्ष कोरोना से हुए नुकसान की भरपाई इस वर्ष में पूरी करके पर्यटन को बुलंदियों तक पहुंचाते हुए एक उपलब्धि हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

श्री रतनू ने कहा कि जल्द ही दुगना जोश एवं उत्साह के साथ कोरोना से उबरकर राजस्थान का पर्यटन परवान पर चढ़ाएंगे और मार्च महीने तक ही भरपाई कर लेंगे।

 

वर्तमान में चूंकि कोरोनाकाल के मद्देनजर विदेशी पर्यटकों की कमी महसूस की जा रही है उसके लिए वर्तमान में ज्यादा जोर घरेलू पर्यटकों पर रहेगा।

 

इसके लिए विशेष पैकेज आरटीडीसी द्वारा जारी किए गए हैं।

 

उन्होंने बताया कि ”पहियों पर राजमहल” का अहसास कराने वाली पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन पहले दिल्ली से शुरु होकर जयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर, चित्तौड़, सवाईमाधोपुर, भरतपुर, आगरा होते हुए वापस दिल्ली पहुंचती थी।

 

लेकिन फिलहाल स्पेशल कोविड-19 ऑफर पर्यटन पैलेस ऑन व्हील्स तीन दिन और चार रातों के लिए दिल्ली से रवाना होकर आगरा, सवाईमाधोपुर, जयपुर, उदयपुर का पर्यटन भ्रमण कराया जाएगा, जिसमें दिल्ली से बुकिंग शुरू होकर जयपुर, उदयपुर, रणथम्भौर और आगरा पर्यटन भ्रमण के लिए रखा गया है।

 

उन्होंने बताया कि 24 फरवरी से पहला भ्रमण शुरु होगा।

 

सात दिनों के भ्रमण में कम से कम पैकेज 48 हजार रुपए का रखा गया है।

 

वेबसाईट पर भी बुकिंग शुरु हो गयी है जिसे देखकर लग रहा है कि लोगों में उत्साह है।

 

क्योंकि इस बार विशेष पैकेज देने से भारतीयों में जोश और उत्साह का संचार है।

 

इस ट्रेन में अलग-अलग राज्यों का सैलून दिया जा रहा है।

 

यह ट्रेन आरटीडीसी के मजबूत और अनुभवी अधिकारी एस आर जाटोलिया के निर्देशन मेें चलेगी।

 

श्री रतनू ने बताया कि वर्ष-2021 के जनवरी, फरवरी एवं मार्च की बुकिंग को अक्टूबर, नवम्बर, दिसम्बर तक शिफ्ट किया गया है।

 

पिछले 38 वर्षों के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है जब कोविड-19 की वजह से पैलेस ऑन व्हील्स पूरे एक सत्र के लिए नहीं चल पाई।

 

लेकिन अब तीन दिन चार रातों के लिए स्पेशल बुकिंग की जा रही है, इसके लिए आरटीडीसी ने सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट …