मिनी गोवा है मुंबई का मनोरी गांव…

मिनी गोवा है मुंबई का मनोरी गांव…

 

मुंबई के उत्तर में एक छोटा सा गांव है-मनोरी। इसे बेहतरीन पिकनिक स्पॉट माना जाता है। मुंबई की भीड़-भाड़ और कोलाहल से दूर पर्यटक यहां शांत वातावरण में सुकून के लिए आते हैं। ऐसा नहीं कि मनोरी गांव है, तो यहां देखने के लिए कुछ नहीं। अपनी संस्कृति, समुद्री किनारों व सड़कों के कारण इसे मिनी गोवा कहा जाता हैं। अगर आप गोवा जैसा अहसास चाहते हैं, तो मनोरी चले जाइए।

आजादी से पहले यहां पुर्तगाली राज किया करते हैं। पुर्तगालों के समय के चर्च और प्रार्थनालय आज भी देखे जा सकते हैं। मनोरी की संस्कृति का मुख्य हिस्सा है यहां के गीत और नृत्य। यहां की जीवन शैली, संस्कृति और बीच हर चीज में गोवा की झलक दिखाई देती है। मनोरी बीच यहां का मुख्य आकर्षण केंद्र है। दूसरे बीच के मुकाबले यहां का वातावरण बेहद शांत है। इन समुद्री किनारों पर काजू के कई पेड़ इसे और भी मनोहारी बनाते हैं। पिकनिक, आउटिंग व नाइट पार्टी के लिए मनोरी बीच अच्छा विकल्प है।

मनोरी बीच की सफेद और बेहद साफ-सुथरी चमकीली रेत आकर्षित करती है। यहां भीड़-भाड़ कम रहने से यहां आने वालों को अच्छा लगता है।

इसके अलावा हजरत बगदादी शाह बाबा की दरगाह इस गांव का मुख्य आकर्षण है। यहां आने वाले पर्यटक इस दरगाह के दर्शन जरूर करते हैं।

समुद्रेश्वर मंदिर मनोरी का प्रसिद्ध मंदिर है। यह भगवान शिव को समर्पित है। इस मंदिर में अलग से एक मेडिटेशन सेंटर भी है। मनोरी गांव के आसपास भी कई ऐसी दर्शनीय जगह हैं।

यहां से सात किलोमीटर दूर एसेल वल्र्ड और वाटर किंगडम है। यह भारत का सबसे लम्बा एम्यूजमेंट पार्क है। एशिया का सबसे बड़ा वाटर थीम पार्क भी यहीं है। लगभग 64 एकड़ में फैली यह जगह आइलैंड ऑफ फन के नाम से जानी जाती है।

मार्व बीच व गोराई बीच की आसपास की खूबसूरती व शांत वातावरण लोगों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। यहां पर नौका घाट भी देखा जा सकता है।

एसेल वल्र्ड के पास ही है ग्लोबल विपासना पगोडा। इसकी स्थापना 1997 में की गई और 2008 में यह पूरी तरह बनकर तैयार हो गया था। यहां गौतम बुद्ध के कई स्मृति चिन्ह देखने को मिलते हैं। इसे म्यांमार शैली में बनाया गया है।

मनोरी गांव आपको बेहतरीन पिकनिक स्पॉट देता है। शहर की भीड़भाड़ से दूर, रोजमर्रा के दबाव से दूर शांत वातावरण में यहां तनाव से मुक्ति मिलती है। यहां की प्रकृति भी मनमोहक है और इसका आनंद लिया जा सकता है। अगर शहर की भागमभाग से उकता गए हैं, तो यहां आकर सब कुछ भूल जाइए।

मनोरी आप कभी भी जा सकते हैं। अक्टूबर से मार्च तक का मौसम बेहतरीन है। मनोरी से 30 किलोमीटर की दूरी पर है छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा। यहां से टैक्सी या बस से मनोरी पहुंचा जा सकता है। बोरीवली नजदीकी रेलवे स्टेशन है। सड़क यातायात से भी यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। मनोरी पहुंचने का सबसे आसान तरीका है- जल यातायात। मार्व फेरी प्वाइंट से नौका लेकर पहुंच सकते हैं।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…