साॅफ्टवेयर इंजीनियर दूल्हे को दुल्हन की जगह मिली हवालात…

साॅफ्टवेयर इंजीनियर दूल्हे को दुल्हन की जगह मिली हवालात…

प्रीति: दहेज लोभी से हमें शादी नहीं करनी 👆

होटल की व्यवस्था पर सवाल उठाने पर बढ़ा विवाद: दहेज में 25 लाख मांगने का आरोप…

वेबसाइट के जरिए तय हुई थी शादी…

लखनऊ/आगरा। वेबसाइट पर रिश्ता तय करके बरात लेकर आगरा पहुंचे मुंबई के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को होटल कीजिए व्यवस्थाओं पर सवाल उठाना इतना भारी पड़ गया कि वह हवालात पहुंच गया। दुल्हन के पिता ने उस पर 25 लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस दूल्हे और उसके पिता को पकड़कर थाने ले आई और उन्हें हवालात में डाल दिया और शादी भी नहीं हुई। मूलरूप से गाजीपुर निवासी महेंद्र प्रसाद शर्मा मंडी परिषद में सीनियर असिस्टेंट हैं, वह एत्माद्दौला के कृष्णा गोल्ड कॉलोनी में रहते हैं। उनकी बेटी प्रीति ने बैचलर ऑफ आप्टोमेट्री किया है। उसका रिश्ता मुंबई के पनवेल निवासी सेवानिवृत्त नायाब सूबेदार राम पलट के बेटे रवि प्रकाश के साथ हुआ था, वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।
दोनों का रिश्ता शादी की वेबसाइट पर पंजीकरण के बाद तय हुआ था। 11 दिसंबर को होटल ताज विलास से शादी करने की बात तय हुई थी। नौ दिसंबर को मुंबई से छह लोग बरात में आए। इसमें दूल्हे के पिता रामप्रकाश शर्मा, मां, बहन सहित अन्य लोग थे। महेंद्र प्रसाद ने दूल्हे सहित बरातियों को कालिंदी विहार स्थित होटल त्यागराज में ठहराया था। गुरुवार की सुबह होटल की व्यवस्थाओं को लेकर दूल्हे पक्ष ने आपत्ति जाहिर की। दुल्हन के पिता महेंद्र ने पुलिस को बताया कि उन्होने दूसरे होटल में कमरे बुक कर दिए, इसके बावजूद ससुराली नहीं माने और अभद्रता करने लगे और इसके अलावा 25 लाख रुपये की मांग करने लगे। इसका विरोध करने पर मारपीट की गई।
दुल्हन ने कंगन उतारकर दूल्हे पर फेंके. . . . .
‌ होटल में हंगामा होने के बाद दुल्हन भी पहुंच गई, उसने कंगन उतारकर दूल्हे के ऊपर फेंक दिए। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे और उसके पिता को पकड़कर थाने ले गई। महेंद्र की तहरीर पर दहेज की मांग, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया। साथ में यह भी आरोप लगाया गया कि दूल्हा पक्ष ने दहेज नहीं देने पर शादी करने से इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर उमेश चंद्र त्रिपाठी के अनुसार कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जमानत देकर नोटिस जारी किया गया है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर दूल्हे के पिता का कहना था कि युवती को उसके पिता ने आंखों की डॉक्टर बताया था, जबकि वह डॉक्टर नहीं है। होटल में भी ठीक से व्यवस्थाएं नहीं की गई थीं, इस बारे में कहने पर दुल्हन पक्ष के लोग भड़क गए और उनसे मारपीट की गई। उधर लड़की पक्ष का कहना था कि बरातियों को खाना खिलाने और अन्य सामान मुहैया कराने के लिए दूर नहीं जाना पड़े, इसके लिए घर के पास का होटल करा दिया था,‌बाकी रस्में दूसरे होटल में होनी थी। मगर, दहेज की मांग करके दूल्हे ने विवाद किया। बेटी भी दहेज लोभी दूल्हे को सबक सिखाना चाहती थी, इसलिए उसने भी शादी से इनकार कर दिया।

“हिंद वतन समाचार” की रिपोर्ट, , ,