दोस्त ही बना जान का दुश्मन, जंगल ले जाकर मारी गोली…

दोस्त ही बना जान का दुश्मन, जंगल ले जाकर मारी गोली…

मोदीनगर। पार्टी में ले जाने के बहाने एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर दोस्त को जंगल में ले जाकर उसे गोली मार दी। बाद में घायलावस्था में ही उसे जंगलों में छोड़कर फरार हो गया। घटना भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव पलौता में सोमवार देर रात की है। जंगल के पास से गुजर रहे कुछ लोगों ने घायल को पुलिस की सहायता से अस्पताल में भर्ती कराया, जहां युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की मां ने मंगलवार को भोजपुर थाने में युवक के दोस्त को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।

जनपद हापुड़ के चमरी रोड निवासी मनोज कुमार को उनका दोस्त सोमवार रात अपने साथ किसी पार्टी में ले जाने के लिए उनके घर पहुंचा। जिसके बाद मनोज बाइक पर दोस्त के साथ बैठकर चला गया। इस बीच मनोज को उसका दोस्त भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव पलौता के जंगल में ले गया और शौच करने के बहाने बाइक रोक दी। थोड़ी ही देर में वहां दूसरी बाइक पर एक युवक और आया और मनोज के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर युवक और उसके दोस्त ने मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच दोस्त ने पिस्टल निकालकर मनोज पर फायर कर दिया। गोली जाकर मनोज की कमर में लगी। बाद में दोनों मनोज को घायल अवस्था में ही छोड़कर फरार हो गए। बाद में वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की निगाह मनोज पर पड़ी। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालात नाजुक बनी हुई है। मनोज की मां हीरा देवी ने बताया कि मनोज का दोस्त भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव त्यौड़ी 13 बिस्वा निवासी नदीम है। नदीम ही उसे घर से अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया था। लेकिन, दूसरे युवक के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने नदीम को नामजद कराते हुए भोजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, एसएचओ भोजपुर धर्मेद्र सिंह ने बताया कि हीरा देवी की तहरीर पर नदीम व उसके साथी के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। दूसरे युवक की भी तलाश में पुलिस जुटी है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…