*बिना मास्क के घूम रहे लोगों के रात में भी चालान होंगे*

*बिना मास्क के घूम रहे लोगों के रात में भी चालान होंगे*

*नोएडा।* जिले में बिना मास्क के घूम रहे लोगों की खैर नहीं है। अब पुलिस कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ देर रात तक विशेष चेकिंग अभियान चलाएगी। इसके तहत बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वालों के चालान किए जाएंगे। इसको लेकर पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने निर्देश जारी किए हैं।

कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों को लेकर दिल्ली सरकार ने मास्क न लगाने वालों के खिलाफ सख्ती कर दी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मास्क न लगाने पर दो हजार रुपये का चालान करने के आदेश जारी किए हैं। इसको लेकर नोएडा पुलिस ने भी सख्ती कर दी है। नोएडा में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पुलिस विशेष अभियान चलाकर मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। अभियान के तहत पुलिस अभी तक 70 हजार से ज्यादा लोगों के चालान कर चुकी हैं। इसके बावजूद लोग बिना मास्क के सड़कों पर घूम रहे हैं। अब पुलिस ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने के लिए देर रात तक अभियान चलाने की तैयारी कर ली है। पुलिस जिले में देर रात तक चेकिंग अभियान चलाकर बिना मास्क के घूम रहे लोगों के चालान करेगी।

सभी थाना प्रभारियों अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए है। इसके तहत सभी थाना प्रभारियों को अपने थानाक्षेत्र में जगह जगह नाकेबंदी कर चेकिंग करने के आदेश दिए गए हैं। बिना मास्क के घूम रहे लोगों का तुरंत चालान करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान पुलिस अब किसी का कोई भी बहाना नहीं सुनेगी। कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।