सीएम योगी का बड़ा ऐलान…

सीएम योगी का बड़ा ऐलान…

आगरा का मुगल म्यूजियम अब छत्रपति शिवाजी के नाम पर होगा…

आगरा/उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आगरा में निर्माणाधीन मुगल म्यूजियम, छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर स्थापित होगा,उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार राष्ट्रवादी विचारों को पोषित करने वाली है।गुलामी की मानसिकता के प्रतीक चिन्हों को छोड़,राष्ट्र के प्रति गौरवबोध कराने वाले विषयों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।हमारे नायक मुगल नहीं हो सकते,शिवाजी महाराज हमारे नायक हैं,इसलिए छत्रपति शिवाजी के नाम पर होगा आगरा का मुगल म्यूजियम।
बीते दिनों जारी देश के स्मार्ट सिटीज की रैंकिंग में आगरा का स्थान पूरे देश में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय एवं उत्तर प्रदेश में घोषित स्मार्ट सिटी की सूची में प्रथम स्थान पर है।मुख्यमंत्री ने इस पर हर्ष जाहिर करते हुए स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।आगरा में कोविड मृत्यु-दर को कम करने के प्रयास तेज करने के निर्देश देते सर्विलांस पर जोर देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का पैसा जनता की गाढ़ी कमाई का है,इसके पाई-पाई का सदुपयोग सुनिश्चत कराएं। पैसा जिस मद का उसे वहीं खर्च किया जाना चाहिए,अगर गड़बड़ी पाई गई तो वसूली भी कराई जाएगी,उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्था के चयन से पूर्व उसकी क्षमता का आकलन जरूर करें। हर काम की समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें. वहीं सभी कार्यों की मासिक और साप्ताहिक समीक्षा भी होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।मंडलायुक्त के साथ-साथ जनपद आगरा,फिरोजाबाद, मैनपुरी और मथुरा के जिलाधिकारियों से जनपद में प्रस्तावित और जारी विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विवरण प्राप्त करते हुए उन्होने संपूर्ण ब्रज क्षेत्र में पेयजल की समस्या के निस्तारण के लिए जारी परियोजनाओं को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…