चंबल नदी में डूबे एक किशोर का शव बरामद, दूसरा लापता…

चंबल नदी में डूबे एक किशोर का शव बरामद, दूसरा लापता…

दो किशोरों को ग्रामीणों की मदद से बचाया गया…

इटावा- चकरनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी चार किशोर अपने परिवार के साथ आज सुबह चंबल नदी नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक चारों गहरे पानी में चले गए। जिसमें से दो को ग्रामीणों द्वारा बचा लिया गया, जबकि दो किशोर पानी में डूब गए। जिसमें एक के शव को ग्रामीणों द्वारा निकाल लिया गया है और दूसरे शव के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। उक्त घटना से समूचे गांव में हड़कंप मचा हुआ है।
सहसों थाना क्षेत्र के गांव पिपरौली गढ़िया निवासी अरुन परिहार (17) व छोटू (15) वर्ष पुत्रगण शेर सिंह परिहार तथा नितिन परिहार (17) व अजय परिहार (11) पुत्रगण देवेन्द्र सिंह परिहार उर्फ पप्पू के साथ आज सुबह करीब साड़े नौ बजे चंबल नदी में नहाने गये थे। इसी दौरान अचानक चारों किशोर नहाते-नहाते गहरे पानी में चले गये और डूबने लगे। किशोरों को पानी में डूबता देख दूसरे पार पर नहा रहे पालीघार गांव को ग्रामीणों ने छोटू व अजय को बचा लिया। लेकिन तब तक अरुन व नितिन पानी में गुम हो गये। उक्त घटना की जानकारी से ग्रामीणों को अवगत कराया गया, तो गांव में अफरा-तफरी मच गई।तदोपरांत घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों द्वारा अरुन को पानी से निकाल लिया गया और एंबुलेंस के जरिए अरुन को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर नितिन परिहार की सेंचुरी की मोटर बोट द्वारा स्थानीय गांव पिपरौली गढिया और पालीघार के ग्रामीणों द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी चकरनगर मस्सा सिंह एवं एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्र सहित स्थानीय थाना पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। लेकिन शाम करीब पांच बजे तक उक्त किशोर का कोई अता-पता नहीं लगा। उपरोक्त किशोरों के परिजनों में उक्त घटना से कोहराम मचा हुआ है। इस संबंध में सीओ मस्सा सिंह ने बताया कि चंबल नदी में नहाते समय चार किशोर डूब रहे थे, जिसमें दो को बचा लिया गया है। डूबे अन्य दो किशोरों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है और दूसरे की तलाश जारी है।

पत्रकार नितेश प्रताप सिंह की रिपोर्ट…