डा. राजशरण शाही अभाविप के दोबारा बने राष्ट्रीय अध्यक्ष…

डा. राजशरण शाही अभाविप के दोबारा बने राष्ट्रीय अध्यक्ष…

लखनऊ, 23 नवंबर । बाबा साहब भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय के शिक्षा शास्त्र विभाग के प्रोफेसर डा. राजशरण शाही को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(अभाविप) का पुन: राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। अभाविप के केन्द्रीय कार्यालय मुंबई में गुरुवार को संपन्न बैठक में इसकी घोषणा हुई।

अभाविप के लखनऊ स्थित प्रान्त कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. राजशरण शाही (उत्तर प्रदेश) को राष्ट्रीय अध्यक्ष और याज्ञवल्क्य शुक्ल (बिहार) को राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में सत्र 2023-24 के लिए पुन: निर्वाचित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. राजशरण शाही मूलतः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से हैं। आपकी शिक्षा शिक्षाशास्त्र में पी.एचडी तक हुई है। शाही ने पाँच पुस्तकों का लेखन व संपादन किया है। अभी तक आपके 103 से अधिक शोधपत्र एवं लेख राष्ट्रीय व अन्तर-राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं एवं संगोष्ठियों में रखे जा चुके हैं। साथ ही शिक्षा से जुड़े विषयों पर दैनिक पत्रों में आपके लेख प्रकाशित हुए हैं।

अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान एक दिन पहले ही लखनऊ में पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी चारों प्रान्तों के प्रान्त संगठन मंत्रियों के साथ बैठक कर गये थे। राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने लखनऊ प्रवास के दौरान डा. राजशरण शाही के आवास पर भी गये थे। यहीं से सीधे वह मुंबई गये।

अभाविप के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संगठन मंत्री घनश्याम शाही और प्रान्त संगठन मंत्री अंशुल समेत अभाविप कार्यकर्ताओं ने डा.राजशरण शाही को बधाई दी है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…