मप्र : 12 वर्षीय आदिवासी लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी का घर ढहाया गया…

मप्र : 12 वर्षीय आदिवासी लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी का घर ढहाया गया…

इंदौर, 07 जुलाई । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 12 वर्षीय आदिवासी लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी के अवैध तौर पर बने घर को प्रशासन ने शुक्रवार सुबह ढहा दिया। प्रशासन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अनुविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) अक्षय सिंह मरकाम ने बताया कि खुड़ैल थाना क्षेत्र में जनजातीय समुदाय की 12 वर्षीय लड़की को बृहस्पतिवार (छह जुलाई) को तीन मजदूरों ने उस वक्त अकेली पाकर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया, जब वह अपना निर्माणाधीन घर देखने गई थी।

मरकाम के मुताबिक, पुलिस ने मुख्य आरोपी अरमान उर्फ बट्टू (20) और दो सह-अभियुक्तों-रईस शेर खान (23) और रईस ईदू खान (24) को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म कांड के मुख्य आरोपी अरमान ने काजी पलासिया गांव में चरनोई की करीब 420 वर्ग फुट जमीन पर अतिक्रमण कर पक्का मकान बना रखा था, जिसे ढहाकर अवैध निर्माण हटाया गया।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…