मुरलीधर को देना होगा अदालत में जवाब : दिग्विजय…

मुरलीधर को देना होगा अदालत में जवाब : दिग्विजय…

भोपाल, 03 अप्रैल । मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजसभा सांसद ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव के खिलाफ मानहानि का केस दायर कराने का फैसला लिया है। पूर्व सीएम ने ट्‌वीट कर इसकी जानकारी दी। दो दिन पहले शनिवार को सीएम हाउस में मुरलीधर राव ने दिग्विजय सिंह को पाकिस्तान और उग्रवादियों का दोस्त बताया था। राव के इस बयान से दिग्विजय सिंह नाराज हैं। इसके बाद दिग्वियज सिंह ने एक के बाद एक पांच ट्वीट कर मुरलीधर राव सहित बीजेपी पर निशाना साधा है।

दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर लिखा- मुरलीधर आपने मुझ पर जो आरोप लगाए हैं, आपको अदालत में जवाब देना होगा। आज वे सभी देशद्रोही जमानत पर हैं और पाकिस्तान से कमाए काले धन से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में आपकी सेवा कर रहे हैं। अब आप बताएं कौन देशद्रोही है? वे, आप या मैं? दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा- आपके मामा जी शिवराज सिंह चौहान ने इनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा क्यों नहीं चलाया? उन सभी देशद्रोहियों की जमानत कैसे होने दी? क्या आप मामा जी से पूछेंगे? आप में साहस है? मुरलीधर जी क्या आप भोपाल भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष ध्रुव सक्सेना को जानते हैं? क्या आप सतना के बजरंग दल के अध्यक्ष बलराम सिंह को जानते हैं? नहीं जानते हों, तो खबर पढ़िए। दिग्विजय सिंह ने एक विडियो को रिट्वीट करते हुए लिखा- मुरलीधर राव जी यह विडियो देखकर कृपया आप के साथ बैठे लोगों से तो पूछ लें ध्रुव सक्सेना कौन है? इस पर मामा शिवराज सिंह चौहान ने एनएसए क्यों नहीं लगाया? इसके मकान पर बुलडोजर क्यों नहीं चलाया?

गौरतलब है कि सीएम हाउस में शनिवार को मप्र सरकार द्वारा जारी की गई युवा नीति और मुख्यमंत्री कौशल कमाई योजना को लेकर प्रबोधन का कार्यक्रम हुआ था। इस दौरान मुरलीधर राव ने कहा था कि हम मप्र में इतने सालों पहले सत्ता में आ गए थे कि आपमें से कई लोगों का जन्म ही नहीं हुआ होगा। कुछ युवाओं को उस वक्त की समझ ही नहीं होगी कि कांग्रेस का शासन कैसा था। गड्‌ढों की सड़क थी या सड़क में गढ्‌ढे थे। ये पुराने लोगों से पूछना। दिग्विजय सिंह का सिर्फ ट्विटर बोलता है। उन्होंने 10 साल में ऐसा कर दिया कि कुछ करने लायक ही नहीं बचा। अब ये पाकिस्तान के फ्रेंड हो गए हैं। उग्रवादियों के फ्रेंड हो गए हैं। ये भाजपा को पाकिस्तान से ज्यादा दुश्मन मानते हैं। ओसामा को ‘जी’ बोलते हैं। मोदी को जी नहीं बोलते। कांग्रेस पार्टी पुराने समय में महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक, गोविंद वल्लभ पंत, रविशंकर शुक्ल थे। ये वे कांग्रेस नहीं है। आज की कांग्रेस वो है, जो पाकिस्तान के साथ जी बोलती है। ओसामा और बुरहान वानी को जी बोलते हैं। कांग्रेस आतंकवादियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। इसके खिलाफ भाजपा और युवा मोर्चा लड़ रहा है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…