दिल्ली में तपने लगी दोपहर, हवा है खराब…

दिल्ली में तपने लगी दोपहर, हवा है खराब…

नई दिल्ली, 07 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कुछ दिन से दोपहर को चढ़ता पारा पसीना बहाने लगा है। समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक अभी भी खराब श्रेणी में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक फरवरी के पहले हफ्ते में दिल्ली के बढ़ते तापमान ने पिछले 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

इस मौसम विज्ञानी के मुताबिक, साल 2011 के बाद पहली बार है, जब राष्ट्रीय राजधानी में फरवरी के पहले सप्ताह सोमवार (06 फरवरी) का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। यह पिछले दो साल में इस महीने का सबसे अधिक तापमान है। न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस अधिकारी का कहना है कि आमतौर पर महानगर में 06 फरवरी से 09 फरवरी तक औसत अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया होता है। मगर रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 25.7 दर्ज किया गया।

इस मौसम विज्ञानी का कहना है कि 2021 में 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मगर आज (मंगलवार) की बात की जाए तो अधिकतम तापमान कुछ घटकर 27 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान बढ़कर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले पांच दिन में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियम में 12 फरवरी को कमी हो सकती है। यह घटकर 23 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। 08, 11 और 12 फरवरी को दिन में तेज हवा चलने की संभावना है। आसमान में बादल भी छाये रह सकते हैं।

प्रदूषण की बात करें तो राष्ट्रीय राजधानी का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सोमवार को 265 पहुंच गया। रविवार को यह 244 था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के डेटा के मुताबिक, आज (मंगलवार) सुबह करीब 7 बजे एक्यूआई 290 दर्ज किया गया। 201 से 300 तक इसे ‘खराब’ श्रेणी में माना जाता है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…