भारत की समाज परंपरा में कूट-कूट कर भरा है लोकतंत्र : होसबाले…
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह ने जालंधर में फहराया तिरंगा…
जालंधर,। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने गुरुवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्याधाम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर होसबाले ने कहा कि भारत की समाज परंपरा में लोकतंत्र कूट-कूट कर भरा हुआ। देश में अनेक विभाजनकारी शक्तियों ने भारतीय लोकतंत्र पर कुठाराघात किए, लेकिन लोकतंत्र पर इन सभी कुठाराघातों का कोई प्रभाव नहीं पड़ा। आज भी भारत विश्व के सामने एक सबसे बड़े और मजबूत लोकतंत्र के रूप में गर्व एवं स्वाभिमान से खड़ा है।
सरकार्यवाह होसबाले ने कहा कि भारत में प्राचीनकाल से ही अनेक ‘गणराज्य’ रहे हैं। राजतंत्र होने के बाद भी राजा समाज के सभी वर्गों की सहमति से ही राज्य के सभी कार्यों का संचालन करता था। लोकतंत्र के तीन स्तंभ विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका पूर्णतः समाज आधारित रही हैं।
कार्यक्रम का आयोजन विद्या भारती पंजाब के संपर्क विभाग के तत्वावधान में किया गया था। सर्वहितकारी केशव विद्या निकेतन के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रकाशवती सर्वहितकारी विद्या मंदिर के छात्रों द्वारा ‘यह देश है वीर जवानों का’ गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्या भारती संपर्क विभाग के कार्यकर्ता विनोद फकीरा ने भी देश भक्ति कविता ‘तुम सदा सलामत रहो देश मेरे’ प्रस्तुत किया। मंच संचालन प्रकाशवती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश्वर अरोड़ा ने किया।
कार्यक्रम संयोजक एवं विद्या भारती पंजाब के संपर्क विभाग के प्रमुख सुखदेव वशिष्ठ ने सरकार्यवाह होसबाले का धन्यवाद किया। केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमन्त्री सोमप्रकाश, केंद्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन विजय सांपला समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…