मुंबई की सड़क पर मिली बेसहारा चिकित्सक को उसके परिवार से मिलवाया गया…

पालघर (महाराष्ट्र), 24 जनवरी। हरियाणा की 42 वर्षीय एक चिकित्सक मुंबई की एक सड़क पर घायल अवस्था में मिली, जिसके बाद यहां एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के प्रयासों से उसे उसके परिवार से मिलवाया गया।
एनजीओ की एक विज्ञप्ति में सोमवार को बताया गया कि पुलिस ने 31 दिसंबर, 2022 को मुंबई के गोरेगांव इलाके में एक सड़क पर डॉ. कैरोलिना कपूर को घायल हालत में पाया। कपूर के सिर पर एक गंभीर घाव था। इसमें बताया गया है कि कपूर को जीवन आनंद संस्था के पालघर स्थित समर्थ आश्रम में भर्ती कराया गया।
संगठन के न्यासी किसान चौरे ने बताया कि कपूर के आश्रम आने के बाद एनजीओ के कार्यकर्ताओं के एक दल ने दिल्ली एवं हरियाणा की पुलिस और इंटरनेट की मदद से उनके रिश्तेदारों का पता लगाने के ठोस प्रयास शुरू कर दिए। उन्होंने कहा कि क्लीनिकल मनोवैज्ञानिक परामर्श सत्र के दौरान कपूर से जानकारी एकत्र की गई और 21 दिन के लगातार प्रयासों के बाद आश्रम, उनके परिवार से संपर्क करने में सफल रहा।
अधिकारी ने बताया कि महिला के दो रिश्तेदार जल्द ही मुंबई पहुंचे और गोरेगांव पुलिस थाने में सत्यापन प्रक्रिया के बाद कपूर को उनके सुपुर्द कर दिया गया। कपूर सोमवार को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित अपने घर के लिए रवाना हुईं। उन्होंने संगठन के प्रयासों के लिए उसका आभार जताया।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…