असम: हिरासत से फरार होने का प्रयास कर रहा संदिग्ध डकैत पुलिस गोलीबारी में घायल…

असम: हिरासत से फरार होने का प्रयास कर रहा संदिग्ध डकैत पुलिस गोलीबारी में घायल…

गोलाघाट (असम), 13 जनवरी। असम के गोलाघाट जिले में हिरासत से कथित रूप से भागने की कोशिश कर रहा एक संदिग्ध डकैत पुलिस गोलीबारी में घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एक पुलिस कांस्टेबल को भी मामूली चोटें आई हैं।

गोलाघाट एएसपी अंजन पंडित ने कहा कि बृहस्पतिवार को डेरगांव पुलिस ने एक कार को रोका था जिससे आरोपी ड्रूनो दास उर्फ अकोनी को तीन अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया।

पंडित ने बताया कि चारों को एक डकैती में शामिल होने के संदेह में पकड़ा गया था, जिसे बाद में पूछताछ के दौरान उन्होंने कबूल कर लिया था।

एएसपी ने कहा कि जब वे आरोपियों के बयानों के आधार पर आगे की जांच के लिए पड़ोसी नागांव जिले से एक पुलिस वाहन में लौट रहे थे, तो अकोनी ने कहा कि उसे शौच के लिए जाना है। उन्होंने कहा कि वाहन से उतरने पर उसने एक कांस्टेबल को धक्का देकर भागने की कोशिश की।

पंडित ने बताया, “हमारे कर्मियों को गोली चलानी पड़ी क्योंकि वह भागने की कोशिश कर रहा था और उसके पैर में गोली लगी।”

उन्होंने बताया कि अकोनी का जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…