ओडिशा के नक्सली क्षेत्र से गांजा तस्करी करने वाले दबोचे…
नई दिल्ली,। दक्षिण पूर्वी जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड टीम ने ओडिशा के नक्सली क्षेत्र से गांजा की तस्करी करने वाले चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी राम खिला उर्फ राम, वीर सिंह, राजेंद्र उर्फ राजेश और राजकुमार उर्फ बाबा से 22.4 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने राम खिला को ओडिशा के नक्सली क्षेत्र के जंगलों में छापेमारी कर दबोच लिया। वह ओडिशा में गांजे की खेती कर दिल्ली में आपूर्ति कर रहा था।
दक्षिण पूर्वी जिले के एडिशनल डीसीपी सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि आठ दिसंबर को टीम को सूचना मिली कि कालिंदी कुंज क्षेत्र में एक तस्कर पहुंचने वाला है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मदनपुर खादर को बैग के साथ धर दबोचा। जांच के दौरान उसके पास से 22.4 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने राजस्थान के रहने वाले आरोपी 43 वर्षीय वीर सिंह से पूछताछ कर उसके साथी राजेंद्र उर्फ राजेश और राजकुमार उर्फ बाबा को दक्षिण जिले की भीम बस्ती से गिरफ्तार किया है। राजकुमार उर्फ बाबा ने खुलासा किया कि वह दक्षिण दिल्ली में सक्रिय ड्रग तस्कर है। वह ओडिशा के नक्सली क्षेत्र कोरापुट से गांजा खरीदकर लाता था। पुलिस टीम ओडिशा पहुंची और राम खिला के गांवा टेमा डोरा साही में छापेमारी की, लेकिन वह जंगल में भाग गया। वहां लोगों ने पुलिस टीम का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने राम खिला को दबोच लिया। आरोपी राजेश, वीर सिंह का साला है। उसी के कहने पर वह तस्करी में शामिल हुआ था।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…