दिल्ली के नरेला में शूज फैक्टरी में आग, दो की मौत…
![](https://hindvatannews.com/wp-content/uploads/2022/11/download-79.jpg)
नई दिल्ली, 01 नवंबर। देश की राजधानी दिल्ली में बाहरी उत्तरी जिले के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार सुबह जूता-चप्पल बनाने वाली फैक्टरी में आग लग गई। इससे अफरातफरी मच गई। कई मजदूर लपटों में घिर गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालाए जबकि दो लोगों को अचेत अवस्था में नजदीकी अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों मजदूरों की दम घुटने से मौत हुई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों की उम्र 30 से 32 के बीच की है। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का काम जारी है। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने इसकी पुष्टि की है।
दमकल विभाग के अनुसार यह तीनमंजिला फैक्टरी नरेला इंडस्ट्रियल एरिया के ई ब्लाक में है। यह तीन सौ वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली है। इसकी दूसरी-तीसरी मंजिल पर आग लगी है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी देवेश कुमार महला के मुताबिक अभी 2-3 लोगों के अंदर होने की आशंका है। सभी फैक्टरी में काम कर रहे थे। आग के बुझने के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। हादसे के वक्त रबड़ की चप्पल तैयार हो रही थीं। इस वजह से आग तेजी से फैली। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सोमवार शाम दक्षिण दिल्ली में माउंट कैलाश अपार्टमेंट की 7वीं मंजिल पर आग लग गई थी। दमकल की 6 गाड़ियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…