चेन लूटने वाला बदमाश गोली लगने से घायल…

चेन लूटने वाला बदमाश गोली लगने से घायल…

ग्रेटर नोएडा,। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में महिला से चेन लूटने वाले बदमाशों की बिसरख पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक सोने की चेन, दो मोबाइल और बाइक बरामद की है।

बिसरख कोतवाली प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में घायल लुटेरे की पहचान अंशु निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी लेखांशु निवासी अलीगढ़ फरार हो गया। दोनों लुटेरों ने 21 अक्टूबर की रात को फ्रेंच अपार्टमेंट के सामने महिला सुनीता से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लुटेरों ने चोरी की बाइक से लूट की घटना की थी। लूट में इस्तेमाल बाइक लुटेरों ने 19 अक्तूबर को चोरी की थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक, महिला से लूट गई चेन, पूर्व में लूट गए दो मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस गिरोह में शामिल फरार लुटेरों की तलाश में जुटी है।

पुलिस ने बताया कि बदमाश लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने के लिए चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे। पुलिस से बचने के लिए पहले बाइक चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की बाइक से लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद भाग जाते थे। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस मामले की छानबीन करती थी तो पता चलता था कि बाइक पूर्व में चोरी हुई थी। इसके चलते पुलिस को लुटेरों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश अंशु शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में 12 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लुटेरे के अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है। उसके फरार साथी के खिलाफ भी नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इसके अलावा इनके गैंग में शामिल अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…