ओवैसी में है जिन्ना और धार्मिक पार्टी का डीएनए…

ओवैसी में है जिन्ना और धार्मिक पार्टी का डीएनए…

असहज नहीं हों नीतीश : गिरिराज सिंह…

बेगूसराय, 13 अगस्त। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को एआईएमआईएम के संस्थापक असदुद्दीन ओवैसी पर जोरदार हमला किया है। अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय के दौरे पर आए गिरिराज सिंह ने ओवैसी के साथ ही एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी एक ऐसे व्यक्ति का नाम है जिसका जन्म हुआ आजादी के बाद, लेकिन उनकी आत्मा 1906 में मुस्लिम लीग की स्थापना वाले डीएनए की है, जो राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का संसद में भी सम्मान नहीं करता है। जिसके भाई 15 मिनट में बहुसंख्यक आबादी का कत्लेआम करने और भगाने की बात करता हो, जो अपने को जिन्ना के रास्ते पर चलने की बात करता हो।

उन्होंने कहा कि आज भारत अखंड भारत है, आज भारत पूरी दुनिया की सबसे बड़ी ताकत है। अगर 1906 में एक धर्म आधारित पार्टी मुस्लिम लीग की स्थापना करके लोगों के मन में, हमारे पूर्वजों के मन में, आजादी की लड़ाई लड़ने वाले लोगों के मन में घृणा पैदा कर रहे थे। उन्होंने इतना घृणा पैदा किया कि जिन्ना के रूप में भारत को अलग करना पड़ा और वही डीएनए ओवैसी के पास है।

शराबबंदी के बाद भी बिहार में लगातार हो रही मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा जो पिएगा वह मरेगा कहने पर भी गिरिराज सिंह ने जोरदार हमला किया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री का सम्मान करता हूं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक संवेदनशील व्यक्ति के रूप में अब तक स्थापित रहे। लेकिन उनके मुंह से ऐसी बातें शोभा नहीं देती है। नीतीश कुमार अपने गिरेबान में झांक कर देखें कि आखिर यह शराब अवैध रूप से कहां से आ रहा है, कैसे आ रहा है, यह सरकारी विफलता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता जब यही कहते थे तो नीतीश कुमार असहज हो जाते थे। आज के उपमुख्यमंत्री और उस समय के विपक्ष नेता तेजस्वी यादव भी यही कहते थे। इसलिए नीतीश कुमार असहज नहीं हों, यह नहीं कहें कि पियोगे तो मरोगे, वह तो मर ही रहे हैं। लेकिन आपकी जिम्मेदारी है कि अगर आपने कानून बनाया है तो ट्रांसपेरेंसी से कानून को जमीन पर लागू क्यों नहीं किया जा रहा है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि लोगों को गाली देने के बदले नीतीश कुमार इसको भी देखें। पूरा प्रशासन दारू पकड़ने का ट्राई कर रहा है और आपके लोग स्मग्लिंग का ट्राई कर रहे हैं। ट्राई करते-करते सरकार और गरीब दोनों का बटुआ खाली कर दिए, अब जनता 2024 में प्रधानमंत्री बनने के उनके मंसूबे को फ्राई करेगी।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…