अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर को फिर तलब करेगी कर्नाटक पुलिस…

अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर को फिर तलब करेगी कर्नाटक पुलिस…

बेंगलुरू, 20 जुलाई। बॉलीवुड अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर से जुड़े ड्रग्स मामले की जांच कर रही कर्नाटक पुलिस उन्हें आगे की जांच के लिए समन भेजेगी। पुलिस का कहना है कि सिद्धांत, जो बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर के भाई भी हैं, को एक सप्ताह में आगे की जांच के लिए पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि नोटिस व्हाट्सएप के साथ-साथ एक रजिस्टर पोस्ट के जरिए भी भेजा जाएगा।

कर्नाटक पुलिस ने जून में बेंगलुरू में ड्रग्स के सेवन के मामले में सिद्धांत कपूर को गिरफ्तार किया है। उन्हें तड़के हलासुरु थाने की सीमा के एक फाइव स्टार होटल में पार्टी करते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सुराग मिलने के बाद औचक छापेमारी कर 35 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस की 25 सदस्यीय टीम ने छापेमारी कर सिद्धांत कपूर और अन्य को हिरासत में लिया था। मेडिकल परीक्षण में सिद्धांत कपूर द्वारा नशीली दवाओं के सेवन की पुष्टि हुई थी और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के बाद थाने में जमानत पर रिहा कर दिया है।

पूछताछ के दौरान सिद्धांत कपूर ने कहा था कि किसी ने उसे पानी और नशीला पदार्थ युक्त सिगरेट पिलाई थी। पुलिस ने माइंड फायर सॉल्यूशंस के बिजनेस मैनेजर अखिल सोनी, एक उद्योगपति हरजोत सिंह, एक डिजिटल मार्केटिंग उद्यमी हानी और एक फोटोग्राफर अखिल को सिद्धांत कपूर के साथ गिरफ्तार किया था। सिद्धांत कपूर लग्जरी होटल में आयोजित रेव पार्टी में छापेमारी कर 7 ग्राम एमडीएमए क्रिस्टल और 10 ग्राम गांजा जब्त किया था। केस में आगे की जांच जारी है।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…