धाराओं में खेल पर दरोगा लाइनहाजिर, निलंबन की रिपोर्ट भेजी…

धाराओं में खेल पर दरोगा लाइनहाजिर, निलंबन की रिपोर्ट भेजी…

गाजियाबाद, 25 मई। महिला विरुद्ध अपराध के मामलों की कड़ी समीक्षा और जवाबदेही के बावजूद कविनगर थाने में तैनात दरोगा ने मॉडल के साथ दुष्कर्म के मामले में धाराओं में खेल कर दिया। दरोगा ने दुष्कर्म और छेड़छाड़ की धाराओं को हटाकर मामले को सिर्फ धोखाधड़ी का बना दिया। पीड़िता की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही निलंबित करने की संस्तुति करते हुए आईजी को रिपोर्ट भेजी है।

कविनगर थानाक्षेत्र के वेव सिटी में रहने वाली एक मॉडल ने मार्च 2022 में कविनगर थाने में केस दर्ज कराया था। उसका कहना था कि उसकी मुलाकात विवेक शर्मा नाम के फोटोग्राफर से हुई थी। शादी का झांसा देकर विवेक उसे एक सोसाइटी में साथ लेकर रहने लगा। आरोप है कि विवेक शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। नवंबर 2021 में पता चला कि विवेक पहले से शादीशुदा है। विरोध करने पर आरोपी ने उसे हत्या की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी कई बार उसके पास आया और छेड़छाड़ की। दुष्कर्म, छेड़छाड़ और धमकी केस दर्ज कर मामले की जांच कविनगर थाने की लालकुआं चौकी पर तैनात दरोगा गुडवीर को दी गई थी।

विवेचना के दौरान दरोगा गुडवीर ने धाराओं में खेल कर दिया। उसने मुकदमे से महिला विरुद्ध अपराध की सभी धाराएं हटा दीं। दुष्कर्म व छेड़छाड़ के मामले को उसने धोखाधड़ी का बना दिया। पता लगने पर पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की थी। जिसके बाद एसएसपी ने मंगलवार को दरोगा को तलब किया था। धाराएं किसके आदेश पर हटाईं और किन साक्ष्यों के आधार पर हटाईं, इस सवाल पर दरोगा बगलें झांकने लगा। इस पर एसएसपी ने दरोगा से विवेचना हटाते हुए सीओ को मामले की जांच सौंपी थी।

एसएसपी मुनीराज जी. का कहना है कि संगीन तथा महिला विरुद्ध अपराध के मामलों में कोई भी धारा हटाने या बढ़ाने से पहले विवेचक द्वारा पर्यवेक्षण अधिकारी के तौर पर सीओ या एसपी की अनुमति लेनी पड़ती है। लेकिन दरोगा गुडवीर ने उच्चाधिकारियों को बताए बिना मनमानी चलाते हुए दुष्कर्म व छेड़छाड़ की धाराएं हटा दीं। एसएसपी ने बताया कि दरोगा गुडवीर सिंह को लाइनहाजिर कर दिया गया है। साथ ही निलंबित करने के लिए आईजी को रिपोर्ट भेजी गई है। निलंबन के बाद विभागीय जांच भी कराई जाएगी।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…