बटलर का तूफानी शतक, राजस्थान की दिल्ली पर रोमांचक जीत…

बटलर का तूफानी शतक, राजस्थान की दिल्ली पर रोमांचक जीत…

नवी मुंबई, 23 अप्रैल। जबरदस्त फॉर्म में चल रहे जोस बटलर (116) के लगातार दूसरे शतक से राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को शुक्रवार को आईपीएल मुकाबले में 15 रन से पीट दिया। राजस्थान ने 20 ओवर में दो विकेट पर 222 रन का मजबूत स्कोर बनाया और दिल्ली की चुनौती को आठ विकेट पर 207 रन पर रोक दिया।

राजस्थान की टीम सात मैचों में पांचवीं जीत और 10 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गयी है। दूसरी तरफ दिल्ली को सात मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को अच्छी शुरुआत की जरूरत थी। डेविड वार्नर और पृथ्वी शॉ ने 4.3 ओवर में दिल्ली को 43 रन की बढ़िया शुरुआत दी। प्रसिद्ध कृष्णा ने वार्नर को विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। वार्नर ने 14 गेंदों पर 28 रन में पांच चौके और एक छक्का लगाया।सरफराज खान एक रन बना कर आउट हो गए। सरफराज का शिकार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने किया।

पृथ्वी शॉ 27 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाकर अश्विन का दूसरा शिकार बने। कप्तान ऋषभ पंत 24 गेंदों में 44 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर देवदत्त पडिकल को कैच थमा बैठे। अक्षर पटेल एक रन बनाकर युजवेंद्र चहल की गेंद पर बोल्ड हुए। शार्दुल ठाकुर 10 रन बनाकर दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हुए। इन विकेटों के गिरने के बीच ललित यादव दूसरे छोर पर रन बनाते रहे।

रोवमन पॉवेल ने आने के साथ दो छक्के मारे। दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 36 रन की जरूरत थी। कृष्णा ने ललित यादव को 19वें ओवर में पवेलियन की राह दिखा दी। ललित ने 24 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाये। कृष्णा ने 19वां ओवर मैडन डाला और ललित का विकेट भी झटका। पॉवेल ने आखिरी ओवर में पहली गेंद पर सीधा छक्का मारा। पॉवेल ने ओबेद मेकॉय की दूसरी गेंद पर भी छक्का जड़ा। तीसरी गेंद भी छक्के के लिए दर्शकों के बीच पहुंच चुकी थी। तीसरी गेंद नो बॉल है या नहीं इसे लेकर विवाद हुआ। कप्तान पंत तो दोनों बल्लेबाजों को बाहर बुलाने का इशारा करने लगे। लेकिन इससे पॉवेल की लय टूट गयी। पॉवेल फिर छक्का नहीं मार पाए और आखिरी गेंद पर आउट हो गए। पॉवेल ने 15 गेंदों में पांच छक्कों की मदद से 36 रन बनाये।

इससे पहले बटलर ने 65 गेंदों में नौ चौकों और नौ छक्कों की मदद से 116 रन बनाये। बटलर इसके साथ ही बेंगलुरु के विराट कोहली के बाद एक सत्र में 3 शतक बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए । विराट का 2016 में 4 शतक बनाने का रिकॉर्ड खतरे में नजर आ रहा है। बटलर ने सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिकल के साथ ओपनिंग साझेदारी में मात्र 92 गेंदों में 155 रन जोड़े। पडिकल ने 35 गेंदों पर 54 रन में सात चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान संजू सैमसन ने 19 गेंदों पर 46 रन में पांच चौके और तीन छक्के लगाए।

राजस्थान ने पहले पांच ओवरों में 29 रन बनाये थे लेकिन इसके बाद बटलर ने दिल्ली के गेंदबाजों का धुंआ निकाल दिया। दिल्ली की तरफ से खलील अहमद ने 47 रन पर एक विकेट और मुस्ताफिजुर रहमान ने 43 रन पर एक विकेट लिया।

दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेल गये आईपीएल क्रिकेट मैच का स्कोर इस प्रकार रहा…

राजस्थान रॉयल्स :

जोस बटलर का वार्नर बो मुस्ताफिजुर रहमान 116

देवदत्त पडीक्कल पगबाधा बो खलील अहमद 54

संजू सैमसन नाबाद 46

शिमरोन हेटमायर नाबाद 01

अतिरिक्त : 05

कुल : 20 ओवर में दो विकेट पर 222 रन

विकेट पतन : 1-155, 2-202

गेंदबाजी :

खलील अहमद 4-0-47-1

शार्दुल ठाकुर 3-1-29-0

ललित यादव 4-0-41-0

मुस्ताफिजुर रहमान 4-0-43-1

कुलदीप यादव 3-0-40-0

अक्षर पटेल 2-0-21-0

दिल्ली कैपिटल्स :

बल्लेबाज़ी

पृथ्वी शॉ : 37

डेविड वॉर्नर : 28

ऋषभ पंत : 44

ललित यादव : 37

अतिरिक्त       : 13

विकेट पतन: 1-43, 2-48, 3-99, 4-124, 5-127, 6-157, 7-187, 8-207

गेंदबाज़ी

ट्रेंट बोल्ट : 4-0-47-0

प्रसिद्ध कृष्णा :   4-1-22-3

ओबेद मकॉए : 3-0-52-1

रवि अश्विन : 4-0-32-2

युज़वेंद्र चहल : 4-0-28-1

रियान पराग : 1-0-22-0

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…