पत्नी से झगड़े के चलते घर में किया धमाका, दहशत में आये लोग…

पत्नी से झगड़े के चलते घर में किया धमाका, दहशत में आये लोग…

आगरा, 28 मार्च। आगरा के थाना डौकी के बमरौली कटारा क्षेत्र में आज सुबह तड़के एक घर में बम फटने से लोगों में दहशत फ़ैल गयी। इस धमाके से घर से जुड़े दो अन्य मकानों की दीवारें दरक गयीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने धमाके वाले घर का मुआयना किया। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

आगरा के थाना डौकी के बमरौली कटारा क्षेत्र के जाहरपुरा निवासी लाखन सिंह के घर में आज सुबह तड़के बम धमाका होने से अफरा-तफरी मच गयी। आसक्षपड़ोस के लोग इस तीव्र धमाके से दहशत में आ गए। धमाके में किसी की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन पड़ोस के दो मकानों की दीवारें इस धमाके से दरक गयीं।

जानकारी के अनुसार इस धमाके के पीछे लाखन सिंह के दामाद का हाथ बताया जा रहा है। दरअसल लाखन सिंह की बेटी आशा की शादी कुछ वर्ष पूर्व कच्ची सराय ताजगंज निवासी हरि सिंह पुत्र पांतिया के साथ हुई थी। अपने पति से झगड़ा होने के कारण आशा पिछले एक साल से अपने माता- पिता के साथ मायके में रह रही थी। रविवार को हरी सिंह अपनी पत्नी को लेने आया था लेकिन आशा ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। पीड़ितों के अनुसार गुस्से में आये हरी सिंह ने ही घर में बम रख कर धमाका करवाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने धमाके वाले घर का मुआयना किया। जांच पड़ताल के बाद अब पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…