सिपाही की मौत, साथी गंभीर : दुर्घटना की सूचना पर दौड़े खुद दुर्घटना का शिकार हो गए, ट्रक का कहर

सिपाही की मौत, साथी गंभीर : दुर्घटना की सूचना पर दौड़े खुद दुर्घटना का शिकार हो गए, ट्रक का कहर

गाजियाबाद, 16 मार्च। दुर्घटना की सूचना मिलने पर दौड़ी पुलिस की पीआरवी गाड़ी खुद दुर्घटना का शिकार हो गई। फर्राटा भरते ट्रक चालक ने पीआरवी में जोरदार टक्कर मार दी। ऐसे में पीआरवी सवार 2 सिपाहियों को संभलने का मौका नहीं मिल पाया। एक सिपाही ने दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। हादसे के बाद ट्रक चालक रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर फरार चालक की तलाश आरंभ कर दी है। गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में यह मामला प्रकाश में आया है। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर दुहाई पुल के नजदीक हादसे में सिपाही सुधीर अत्री (40) निवासी ग्राम सियारोल थाना टप्पल जनपद अलीगढ़ की मौत हो गई।

सुधीर का सहयोगी गौरव शर्मा निवासी बुलंदशहर गंभीर रूप से घायल है। गौरव को यशोदा अस्पताल नेहरू नगर में भर्ती कराया गया है। दोनों सिपाही पीआरवी संख्या-2185 पर तैनात थे। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बैंक ऑफ इंडिया की दुहाई ब्रांच के सामने सुधीर व गौरव डयूटी पर थे। इस बीच उन्हें दुहाई पुल के निकट दुर्घटना होने की सूचना मिली। ऐसे में वह घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। तभी अनियंत्रित ट्रक ने पीआरवी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सिपाही सुधीर व गौरव को आनन-फानन में यशोदा अस्पताल नेहरू नगर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने सुधीर अत्री को मृत घोषित कर दिया। गौरव का उपचार चल रहा है।

सिपाही सुधीर की पीएसी गाजियाबाद में मूल तैनात थी। पुलिस लाइन से संबद्ध होने के कारण उन्हें पीआरवी पर डयूटी मिली थी। उनका परिवार पुलिस लाइन में रहता है। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) आकाश पटेल ने बताया कि पुलिस ने मृत सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। आरोपी को जल्द दबोच लिया जाएगा। यह घटना मंगलवार की देर रात लगभग सवा 2 बजे की बताई गई है। किसी युवक ने दोनों सिपाहियों को हादसा होने की जानकारी दी थी। इसके बाद वह पीआरवी लेकर निकले थे।