बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या, बहू के रिश्तेदार पर शक…

बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या, बहू के रिश्तेदार पर शक…

गुरुग्राम/हरियाणा। साउथ सिटी फेज-एक इलाके में परिवार सहित रह रहे 67 वर्षीय बुजुर्ग निर्भय सिंह की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शव बृहस्पतिवार रात इलाके में ही उनकी कार में मिला। पत्नी मीना गिल ने अपने एक रिश्तेदार भरत पर हत्या करने का शक जताया है। इसके आधार पर सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

वर्षों तक अरब देश कतर में नौकरी कर चुके निर्भय सिंह अब घर पर ही रह रहे थे। उनकी पत्नी मीना गिल भी कतर में नौकरी करती थीं। पत्नी अभी भी एक निजी कंपनी में सेल्स एडवाइजर हैं। वह 13 जनवरी को प्रतिदिन की तरह दिल्ली के सुल्तानपुर स्थित कंपनी के कार्यालय में पहुंची थीं। वहां से शाम लगभग सात बजे जब वापस लौटीं तो उनके पति घर पर नहीं थे। फिर अपनी पुत्रवधु से पूछा तो बताया कि वह उसके (पुत्रवधु के) जीजा भरत को मेट्रो स्टेशन छोड़ने कार से गए हैं क्योंकि उनकी कार खराब हो गई थी। जब मीना ने पति को फोन किया तो कहा कि उन्हें आने में समय लगेगा खाना खा लो। कुछ देर बार जब दोबारा फोन किया तो फोन नहीं लगा।

मीना ने तब भरत को फोन किया तो कहा कि निर्भय सिंह 10 मिनट में घर पहुंचने वाले होंगे। जब 10 मिनट तक घर नहीं पहुंचे तो फिर भरत को फोन किया तो कहा कि निर्भय सिंह की कार कहीं दिखाई नहीं दे रही है। तलाश करने पर एम-ब्लाक में उनकी कार खड़ी दिखाई दी। मीना गिल नजदीक पहुंचीं तो देखा कि उनके पति बेसुध पड़े थे। वह भरत और अपनी पुत्रवधु प्रीति के साथ मिलकर उन्हें नजदीक अस्पताल पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। उनके गले पर नीले निशान थे।

बताया जाता है कि निर्भय सिंह को मृत घोषित किए जाने के बाद भरत फरार हो गया। इससे मीना गिल को शक है कि उसी ने हत्या की है। जांच अधिकारी एसआइ तेजपाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक गला घोंटकर हत्या की गई है। किस वजह से हत्या की गई, यह बताने की स्थिति में फिलहाल स्वजन नहीं है। भरत की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे काबू किया जाएगा। जहां पर कार खड़ी मिली है, उसके नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों से वारदात के बारे में जानकारी हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…