भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह जी के जन्म दिवस पर…

भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह जी के जन्म दिवस पर…

अधिक कृषि उत्पादन प्राप्त करने वाले किसानों को किया गया सम्मानित…

किसान आगे बढ़ें और सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठायें-जिलाधिकारी…

कासगंज: भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह जी के जन्म दिवस के अवसर पर विधायक सदर देवेन्द्र सिंह राजपूत, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, अध्यक्ष जिला पंचायत रत्नेश कश्यप, मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र तथा जनप्रतिनिधियों/समाज सेवियों एवं बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी में विकास खण्ड परिसर कासगंज में किसान सम्मान दिवस/किसान मेला का आयोजन किया गया। स्व0 चौधरी चरण सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पंण किया गया। किसानों को जानकारी देने के लिये पशु पालन विभाग, मत्स्य विभाग, बैंक, गन्ना विकास एवं विभिन्न उर्वरकों, कृषि रक्षा रसायनों व उन्नतशील बीजों व कृषि यंत्रों आदि के स्टाल लगाये गये। जिनका अतिथियों द्वारा निरीक्षण किया गया। गेहूं, धान, मसूर, अरहर सहित विभिन्न फसलों एवं कृषि, उद्यान व मत्स्य पालन में अच्छा उत्पादन प्राप्त करने वाले किसानों को अतिथियों द्वारा शाल उढ़ाकर व स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा एफपीओ को सीड प्रोसिसिंग प्लांट व कुछ किसानों को ट्रेक्टर व कृषि यंत्रों पर सब्सिटी के चैक प्रदान किये गये।
विधायक सदर देवेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि किसान नेता चौधरी चरण सिंह किसानों के हित की बात करते थे। सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि के साथ ही कृषि यंत्रों, खाद, बीज पर अनुदान के साथ ही किसानों के हित में काफी योजनायें चलाई जा रही हैं। वर्तमान केन्द्र और प्रदेश सरकार किसानों के हित के कार्य कर रही है।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि किसान सम्मान दिवस का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। कृषि क्षेत्र में अच्छा कार्य करने तथा अच्छा कृषि उत्पादन प्राप्त करने वाले जो किसान यहां सम्मानित हो रहे हैं, उनसे अन्य किसान भी प्रोत्साहित होकर प्रेरणा लें और आगे बढ़ें। हमारा प्रयास होगा कि अधिक से अधिक किसानों को सम्मानित किया जाये। किसानों की यदि कोई समस्यायें हों तो किसान दिवस में आकर जरूर बतायें। किसान अन्नदाता है। किसानों की आय दोगुनी हो, इसके प्रयास जारी हैं। कृषि के साथ ही आप पशुपालन, मत्स्य पालन करें, इससे आय बढ़ेगी। कृषि में विविधीकरण अपनायें। किसानों की हर समस्या दूर की जायेगी। किसान समृद्व होगा तो देश समृद्व होगा। जानकारी के अभाव में किसान योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। किसान जागरूक बनें और योजनाओं का लाभ उठायें।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि शासन, प्रशासन द्वारा हमेशा किसानों के हित में कार्य जाता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में यहां किसानों का पूरा सहयोग रहता है। किसान उन्नतशील पद्यतियों और कृषि की नवीनतम विधि अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने पर ध्यान दें। किसानों से सम्बन्धित तमाम योजनायें संचालित हैं, किसान इनका भरपूर लाभ उठायें।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान एवं सम्बन्धित विभागों के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

पत्रकार मुकेश यादव की रिपोर्ट…