मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज कानपुर मेट्रो रेल के ट्रायल रन का शुभारम्भ किया…

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज कानपुर मेट्रो रेल के ट्रायल रन का शुभारम्भ किया…

लखनऊ 10 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज कानपुर मेट्रो रेल के ट्रायल रन का शुभारम्भ किया। उन्होंने रावतपुर, कानपुर नगर स्थित मेट्रो ट्रेन डिपो परिसर में बटन दबाकर प्रोटोटाइप मेट्रो ट्रेन के ट्रायल रन की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने आॅपरेशन कण्ट्रोल सेन्टर तथा मेट्रो टेªेन का अवलोकन भी किया।
अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कानपुर अब मेट्रो सिटी हो गया है। कानपुरवासियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बेहतरीन सुविधा बहुत शीघ्र प्राप्त होगी। अगले 04 से 06 सप्ताह के अन्दर कानपुरवासियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट के रूप में मेट्रो ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। कानपुर के औद्योगिक विकास में भी मेट्रो की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके संचालन से शहर के प्रदूषण को भी कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 15 नवम्बर, 2019 को कानपुर मेट्रो के शिलान्यास का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ था। पिछले 19 महीने से पूरी देश व दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना से जूझ रहा था। कोरोना की वैश्विक चुनौती के बावजूद उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅरपोरेशन ने तय समय से पहले यह उपलब्धि हासिल की, जो बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कानपुर मेट्रो का समय से पूर्व कार्य पूर्ण होने पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅरपोरेशन की टीम को बधाई दी तथा भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। यह भारत सरकार व राज्य सरकार की संयुक्त व्यवस्था है, जो उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅरपोरेशन द्वारा संचालित है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ट्रायल रन पूर्ण हो जाने के पश्चात प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कर-कमलों द्वारा मेट्रो ट्रेन का शुभारम्भ कराके शहरवासियों को मेट्रो ट्रेन की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानपुर एक औद्योगिक क्षेत्र है तथा आबादी में भी बहुत बड़ा है। पहले चरण में आई0आई0टी0 कानपुर से मोतीझील तक 09 किलोमीटर का कार्य उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅरपोरेशन ने बहुत ही कम समय में पूर्ण किया है। इसमें 09 स्टेशन होंगे और बहुत बड़ी आबादी को इसकी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती नीलिमा कटियार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सचिव आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार श्री डी0एस0 मिश्रा, प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन श्री दीपक कुमार, प्रबन्ध निदेशक उ0प्र0 मेट्रो रेल काॅरपोरेशन श्री कुमार केशव आदि उपस्थित थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज कानपुर भ्रमण के दौरान नगर निगम स्थित इण्टीग्रेटेड कण्ट्रोल एण्ड कमाण्ड सेण्टर, (जीका वायरस) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जीका वायरस के मरीजों से उनके स्वास्थ्य के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की तथा कण्ट्रोल रूम द्वारा किए जा रहे कार्याें का अवलोकन किया। तत्पश्चात, उन्होंने के0डी0ए0 सभागार में जीका वायरस की रोकथाम के सम्बन्ध में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जीका वायरस की रोकथाम के लिए और तेजी से कार्य करना होगा। इस बीमारी से बचाव हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कर जागरूकता लायी जाए, जिससे लोगों में भय न होने पाए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जीका बीमारी से बचाव हेतु रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) को बनाए रखना आवश्यक है। जीका के दृष्टिगत प्रभावित क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की सैम्पलिंग करायी जाए। जीका वायरस के लिए एक डेडीकेटेट अस्पताल बनाया जाए, जिससे लोगों का बेहतर इलाज हो सके। उन्होंने जीका वायरस से बचाव हेतु लोगों को सर्तकता बरतने व आवश्यक रुप से मच्छरदानी का प्रयोग करने तथा बीमारी से बचाव हेतु लापरवाही नहीं करने का सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री जी ने नगर निगम के प्रत्येक वॉर्ड हेतु नोडल अधिकारी नामित करने के लिए नगर आयुक्त को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पूरे कानपुर शहर में नियमित रुप से साफ-सफाई, सैनेटाइजेशन तथा फॉगिंग करायी जाए। इसके साथ ही, यह कार्य नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में भी किए जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्र सहित अन्य स्थानों में लोगों के घर व परिवार में जीका वायरस से बचाव हेतु ‘क्या करें तथा क्या न करें’ के सम्बन्ध में जानकारी दिए जाने हेतु पोस्टर, पैम्फलेट का वितरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि डोर-टू-डोर सर्वे कर ज्यादा से ज्यादा लोगों के सैम्पल लेने का कार्य किया जाए। साथ ही, स्कूलों/कॉलेजों तथा तकनीकी शिक्षण संस्थाओं में शिक्षकों के साथ छात्र-छात्राओं को इस बीमारी से बचाव के सम्बन्ध में बैठक कर जानकारी दी जाए। उन्होंने जीका वायरस रोग के शीघ्र नियंत्रण हेतु सर्विलांस व सैम्पलिंग कार्य और अधिक तेजी से किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने जीका वायरस नियंत्रण कार्य हेतु किए गए उपायों एवं कार्याें के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम, के0डी0ए0, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की टीमों के प्रतिदिन किए गए कार्याें की समीक्षा करें। उन्होंने जागरूकता कार्य में स्वयंसेवी संगठनों का भी सहयोग लिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरों व अन्य जगहों में पानी एकत्र न होने पाए, क्योकि उस गन्दे पानी में मच्छर बैठेगा, तो लार्वा पैदा होगा। पानी की टंकियों की साफ-सफाई के साथ, उसे ढककर रखा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से जीका वायरस से बचाव हेतु किए जा रहे कार्याें के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने मण्डलायुक्त एवं अपर निदेशक, स्वास्थ्य को मण्डल के जनपदों में भी जीका वायरस के नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु सर्तकता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 ने मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया कि जीका वायरस की रोकथाम हेतु विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। सर्विलांस टीम, सैम्पलिंग कार्य, सैनेटाइजेशन के साथ-साथ डोर-टू-डोर सर्वे का कार्य किया जा रहा। सर्विलांस हेतु चिकित्सा विभाग की आशा कार्यकर्त्रियों तथा ए0एन0एम0 की 100 टीमें तैनात की गयी हैं। 09 नवम्बर, 2021 से 1,12,426 घरों में सर्विलांस किया गया तथा डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान 853 व्यक्तियों की सैम्पलिंग की गयी है। इसके अलावा, 275 गर्भवती महिलाओं को चिन्हित किया गया है। सर्विलांस टीम द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान लोगों की ट्रैवेल हिस्ट्री की जानकारी भी ली गयी है। उन्होंने बताया सैम्पलिंग हेतु जिला सर्विलांस अधिकारी के नेतृत्व में 50 टीमें लगायी गयी हैं तथा 3,960 सैम्पल लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कानपुर में पिछले एक माह के अन्दर जीका वायरस से जुड़े 105 पॉजीटिव केस पाए गए हैं। इनमें से 17 मरीज निगेटिव हो चुके हैं। जीका वायरस से कानपुर के 05 वॉर्ड विशेष रूप से प्रभावित थे। स्थानीय जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम के सामूहिक प्रयासों से एक अभियान चलाकर इसे नियंत्रित किया गया है। वायरस के नियंत्रण हेतु यहां अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि निगरानी समितियां घर-घर जाकर लक्षणयुक्त व्यक्तियों को चिन्ह्ति कर रही हैं। सर्विलांस में तेजी लाते हुए मरीजों को अस्पताल भेजने तथा मेडिसिन किट उपलब्ध कराने में अपना योगदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जो मरीज होम आइसोलेशन में रह रहे हैं, वे सेपरेट रूम में रहें, मच्छरदानी का प्रयोग करें तथा घर में साफ-सफाई रखें।
इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री जी ने जीका वायरस से प्रभावित क्षेत्र श्यामनगर का भ्रमण किया तथा श्री लक्ष्मी नारायण मिश्रा, श्री सुरेश चन्द्रा, श्रीमती ऊषा, श्री आर0सी0 सचान, श्री संजय शुक्ला, श्री प्रशांत विश्नोई तथा श्री संजीव से वार्ता कर जानकारी प्राप्त की तथा रोग से बचाव हेतु सर्तकता बरतने पर जोर दिया।
बैठक में औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री जय प्रताप सिंह, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती नीलिमा कटियार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्री अमित मोहन प्रसाद, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा श्री आलोक कुमार तथा शासन-प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…