पैसे के लेनदेन को लेकर युवक की चाकू से गोदकर हत्या…

पैसे के लेनदेन को लेकर युवक की चाकू से गोदकर हत्या…

नोएडा, 26 अक्टूबर। नोएडा में फेज दो थानाक्षेत्र के नयागांव में सोमवार देर रात खाने की रेहड़ी लगाने वाले दो लोगों ने एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। खाने के पैसे के लेन-देन को लेकर आरोपियों का युवक से विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

मूलरुप से मैनपुरी निवासी 35 वर्षीय सुरेश कुमार नोएडा में एक निजी कंपनी में काम करता था। वह रात करीब पौने दस बजे नयागांव तिराहे पर खाना खाने आया था। यहां पर उसने एक रेहड़ी पर खाना खा लिया। इसके बाद खाने का भुगतान करने को लेकर उसका रेहड़ी संचालक दिलीप से विवाद हो गया। दोनों के बीच मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान दिलीप के साथ दूसरा रेहड़ी संचालक संजीत कुमार भी आ गया।

आरोप है कि दोनों ने सुरेश पर चाकू से एक के बाद एक ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे सुरेश गंभीर रुप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों की मदद से सुरेश को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मूलरुप से पश्चिम बंगाल के कुंच विहार स्थित कुंछा निवासी दिलीप कुमार वर्मन और बिहार के गया स्थित मंझोली निवासी संजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी किराए पर नया गांव में रहते हैं। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयोग चाकू भी बरामद किया है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…